कोरबा में बड़ा हादसा: हसदेव ताप विद्युत संयंत्र का राखड़ बांध फूटा, राख के सैलाब में JCB ऑपरेटर लापता

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित हसदेव ताप विद्युत संयंत्र के झाबू क्षेत्र में बने राखड़ बांध के अचानक फूटने से बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, राख और पानी के तेज सैलाब में एक क्रेन ऑपरेटर JCB समेत मलबे में समा गया, जिसके लापता होने की खबर है।
छह गांवों तक पहुंचा राख का सैलाब:स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांध टूटने के बाद राख का सैलाब इतनी तेजी से फैला कि आसपास के करीब छह गांव इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई भयावह स्थिति: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पश्चिमी राखड़ बांध के एक हिस्से में अचानक दबाव बढ़ा और देखते ही देखते राख का सैलाब फूट पड़ा। JCB चला रहा ऑपरेटर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही वह मशीन समेत राख के दलदल में समा गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन राख का दबाव इतना ज्यादा था कि सभी को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।
राहत-बचाव कार्य जारी: हादसे के तुरंत बाद प्रबंधन और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल: घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राखड़ बांध की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि डेम की सुरक्षा को लेकर पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रबंधन ने इसे नजरअंदाज किया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।



