
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, निवेश बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की कोसा, हथकरघा और पारंपरिक वस्त्रों की समृद्ध विरासत का उल्लेख करते हुए इनके उत्पादन को बढ़ावा देने और देश-विदेश के बाजार तक पहुंच मजबूत करने के विषय पर केंद्रीय मंत्री से चर्चा की।
बैठक में स्थानीय और छोटे उद्योगों को टेक्सटाइल क्षेत्र से जोड़ने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा कारीगरों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल क्षेत्र की संभावनाओं को विकसित करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग और राज्य में उद्योगों के विस्तार की दिशा में बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की।




