छत्तीसगढ़

महिला दिवस पर राज्य महिला आयोग का बड़ा कदम: 8 से 13 मार्च तक सभी 33 जिलों में ‘महा जन-सुनवाई सप्ताह’

रायपुर। Chhattisgarh State Commission for Women ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से बड़ा अभियान शुरू किया है। आयोग की अध्यक्ष Dr. Kiranmayi Nayak के नेतृत्व में 8 से 13 मार्च 2026 तक ‘महा जन-सुनवाई सप्ताह’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के सभी पांच संभागों में महिला उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई संभाग स्तर पर की जाएगी।

आयोग के अनुसार इस विशेष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के मामलों की सुनवाई की जाएगी, जिससे हजारों परिवारों को त्वरित न्याय और समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद है। आयोग ने बताया कि पिछले साढ़े पांच वर्षों में प्रदेशभर में 370 से अधिक जनसुनवाई आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें 8000 से अधिक मामलों का निराकरण किया गया है। इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए इस बार संभाग स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

सुबह 10 बजे से होगी सुनवाई

आयोग के अनुसार सभी संभागों में जनसुनवाई सुबह 10 बजे से शुरू होगी। जिन आवेदकों के प्रकरण सूचीबद्ध हैं, उन्हें स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा। वहीं जिन महिलाओं ने पहले आवेदन नहीं किया है, वे भी सुनवाई स्थल पर नया आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।

दो न्यायपीठों का गठन

मामलों की संख्या को देखते हुए आयोग ने दो न्यायपीठों का गठन किया है। मुख्य न्यायपीठ का नेतृत्व अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक और संबंधित संभाग की प्रभारी सदस्य करेंगी, जहां गंभीर मामलों की सुनवाई होगी।सहायक न्यायपीठ में आयोग की अन्य सदस्य शामिल रहेंगी, जहां काउंसलिंग और आपसी समझौते से सुलझने वाले मामलों का निराकरण किया जाएगा।

प्रशासनिक सहयोग भी रहेगा: इस अभियान को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला संरक्षण अधिकारी, सखी वन स्टॉप सेंटर की प्रशासिकाएं और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक सलाहकार सहयोग करेंगे। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की विशेष व्यवस्था रहेगी।

संभागवार जनसुनवाई कार्यक्रम

9 मार्च – सरगुजा संभाग

स्थान: जिला पंचायत सभाकक्ष, अंबिकापुर

जिले: सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जशपुर

कुल प्रकरण: 101

10 मार्च – बिलासपुर संभाग

स्थान: प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग परिसर, बिलासपुर

जिले: बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाहीकुल प्रकरण: 169

11 मार्च – दुर्ग संभाग

स्थान: प्रेरणा सभाकक्ष, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग परिसर, दुर्ग

जिले: दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

कुल प्रकरण: 113

12 मार्च – रायपुर संभाग

स्थान: राज्य महिला आयोग कार्यालय परिसर, शास्त्री चौक, रायपुरजिले: रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद

कुल प्रकरण: 292

13 मार्च – बस्तर संभाग

स्थान: प्रेरणा सभाकक्ष, कलेक्ट्रेट परिसर, जगदलपुर

जिले: बस्तर (जगदलपुर), कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर

कुल प्रकरण: 87

अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह महा जन-सुनवाई सप्ताह प्रदेश की महिलाओं को न्याय दिलाने का बड़ा अवसर है। उन्होंने सभी आवेदकों से सुबह 10 बजे उपस्थित होने की अपील करते हुए कहा कि आयोग का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ की किसी भी महिला को उत्पीड़न के खिलाफ न्याय पाने में देरी न हो।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button