रायपुर में पहली बार ‘हिंद युग्म उत्सव’, देशभर के साहित्यकार होंगे एक मंच

Raipur News – राजधानी रायपुर साहित्य और संस्कृति का गवाह बनने जा रहा है। आगामी 20 और 21 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में देशभर के करीब 100 नामचीन लेखक, साहित्यकार, कलाकार और चिंतक एक ही मंच पर जुटेंगे। यह मौका होगा देश के एकमात्र घुमंतू साहित्य उत्सव ‘हिंद युग्म उत्सव 2025’ का। इस बार का आयोजन छत्तीसगढ़ के लिए खास है, क्योंकि यह राज्य पहली बार इस अनोखे उत्सव की मेजबानी कर रहा है। उत्सव का केंद्र बिंदु होंगे हिंदी साहित्य के महत्त्वपूर्ण और चर्चित रचनाकार विनोद कुमार शुक्ल। उनके कृतित्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन और उनकी कविताओं की नाट्य प्रस्तुतियाँ उत्सव का आकर्षण होंगी।
बड़े नाम, बड़े सत्र
इस मंच पर पाठकों और श्रोताओं को कई लोकप्रिय हस्तियों से मिलने का अवसर मिलेगा। मानव कौल, राहगीर, फैजल मलिक (पंचायत फेम), परितोष त्रिपाठी, दिव्य प्रकाश दुबे, नीलोत्पल मृणाल जैसे चर्चित नाम रायपुरियंस से रूबरू होंगे। सत्रों में किताबों की दुनिया, साहित्य के नए ट्रेंड्स, स्टोरीटेलिंग, लाइव सिंगिंग, स्टैंड-अप कॉमेडी और सिनेमा पर विशेष चर्चा शामिल होगी। ‘कैंपस-कविता’ और ‘छत्तीसगढ़ : मंच खुला है’ जैसे ओपन प्लेटफॉर्म पर 200 से ज्यादा नई प्रतिभाएँ अपनी प्रस्तुति देंगी।
छत्तीसगढ़ की झलक भी होगी खास
उत्सव में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक भी देखने मिलेगी। लोकनृत्य, लोकगायन, लोक-कलाओं का प्रदर्शन होगा। राज्य के कलाकार अपनी पेंटिंग, मूर्तियाँ और क्राफ्ट प्रदर्शित करेंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ी व्यंजन, हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट स्टॉल उत्सव को और विविधता देंगे।
साहित्य का घूमता-फिरता उत्सव
‘हिंद युग्म उत्सव’ की विशेषता यह है कि यह देश का एकमात्र घुमंतू साहित्य उत्सव है। हर साल यह अलग शहर में आयोजित होता है। इससे पहले इसके तीन संस्करण बाड़मेर, वाराणसी और भोपाल में हो चुके हैं। चौथा संस्करण रायपुर में होने जा रहा है, जहाँ साहित्य, कला, संगीत और संस्कृति का संगम देखने को मिलेगा।




