पीसीसी कनेक्ट सेंटर का उद्घाटन: संगठनात्मक गतिविधियों की होगी सीधी निगरानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने पीसीसी कनेक्ट सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश से लेकर जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर तक पार्टी की गतिविधियों की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाना है।
उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश प्रभारी एस. संपत कुमार, एआईसीसी सचिव एवं सह-प्रभारी जरिता लैतफ्लांग, एआईसीसी संयुक्त सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी विजय जांगिड़, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, एआईसीसी सचिव एवं विधायक देवेन्द्र यादव, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संगठन को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की पहल
कांग्रेस पार्टी द्वारा देशभर में कनेक्ट सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनका सीधा जुड़ाव एआईसीसी के केंद्रीय कनेक्ट सिस्टम से रहेगा।
इसके माध्यम से:- प्रदेश, जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर की गतिविधियों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव होगी
– पार्टी कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय और क्रियान्वयन को बल मिलेगा
– संगठनात्मक ढांचे को तकनीकी रूप से सशक्त किया जाएगा
इस पहल को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



