खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: छत्तीसगढ़ तैयार, खेल मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ पूरी तरह तैयार है। उद्घाटन समारोह 25 मार्च 2026 को शाम 6 बजे साइंस कॉलेज ग्राउंड, रायपुर में होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे। इस दौरान सीएम साय,खेल मंत्री अरुण साव समेत अन्य मंत्री गण मौजूद रहेंगे।
खास बात यह है कि देश में पहली बार आयोजित हो रहे ट्राइबल नेशनल गेम्स की मेजबानी का अवसर छत्तीसगढ़ को मिला है, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
तैयारियों की हुई समीक्षा: प्रदेश के डिप्टी सीएम और खेल मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों के आवास, परिवहन और भोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मानकों के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खिलाड़ियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, इंजरी मैनेजमेंट, मेडिकल किट और डॉक्टरों की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया है।
वेन्यू और आयोजन पर फोकस: उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने बताया कि देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ के रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में किया जा रहा है। उन्होंने सभी वेन्यू पर स्पोर्ट्स इक्विपमेंट इंस्टॉलेशन, ओपनिंग व क्लोजिंग सेरेमनी, प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
3000 खिलाड़ी होंगे शामिल
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में देशभर के लगभग 32 राज्यों से करीब 3000 खिलाड़ी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
25 मार्च से 3 अप्रैल तक मुकाबले
इस दौरान पुरुष और महिला वर्ग में –• हॉकी• फुटबॉल• कुश्ती• एथलेटिक्स• तैराकी• तीरंदाजी• वेटलिफ्टिंग जैसे सात खेलों में रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। यह आयोजन जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की खेल और सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पहुंचना शुरू
अरुणाचल के वेटलिफ्टरों का विमानतल पर रंगारंग स्वागत

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भागीदारी के लिए खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पहुंचना शुरू हो गया है। आज सवेरे अरुणाचल प्रदेश के वेटलिफ्टरों का 14 सदस्यीय दल रायपुर पहुंचा। इनमें 13 खिलाड़ी और एक सपोर्टिंग स्टॉफ शामिल है।खिलाड़ियों के छत्तीसगढ़ आगमन पर रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर राऊत नाचा दल की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा साई (SAI) के अधिकारियों ने गुलाब भेंटकर सभी खिलाड़ियों का हार्दिक स्वागत किया। 23 मार्च को कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खिलाड़ी बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचेंगे।



