मुंगेली में बड़ा हादसा टला: बारात से लौट रही XUV700 में लगी आग, दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोग सुरक्षित

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक बड़ा हादसा टल गया, जब बारात से लौट रही एक XUV700 कार में अचानक आग लग गई। गाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत कुल 7 लोगों ने समय रहते बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की बताई जा रही है।
चलती कार से उठने लगा धुआं, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी, जहां रात में शादी समारोह संपन्न हुआ। सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोग XUV700 कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर को अचानक गाड़ी से धुआं निकलता दिखाई दिया।ड्राइवर ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को रोका। बाहर निकलकर देखने पर पता चला कि आग तेजी से फैल रही है और कुछ ही क्षणों में गाड़ी के अंदर धुआं भर गया।
समय रहते सभी ने कूदकर बचाई जान
स्थिति को भांपते हुए गाड़ी में सवार सभी लोगों ने आनन-फानन में बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार धूं-धूं कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू: घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
आग लगने के कारणों की जांच जारीफिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।



