बिलासपुर एयरपोर्ट से पहली नाइट फ्लाइट, CM साय ने किया शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए हवाई संपर्क के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रात्रिकालीन उड़ान सेवा का आज औपचारिक शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एयरपोर्ट पर नाइट ऑपरेशन्स का लोकार्पण किया और इसी अवसर पर स्वयं पहली नाइट फ्लाइट से रायपुर के लिए रवाना हुए। उनके साथ विधायक धर्मजीत सिंह भी इस ऐतिहासिक रात्रिकालीन उड़ान में शामिल रहे।
31 करोड़ की लागत से हुआ उन्नयन, अब रात में भी संभव होगा संचालन
एयरपोर्ट को 3C VFR से उन्नत कर 3C IFR श्रेणी में विकसित किया गया है। यह उन्नयन कार्य लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया। इसके बाद डीजीसीए ने 6 फरवरी 2026 को एयरपोर्ट को 3C IFR श्रेणी में रात्रिकालीन संचालन की अनुमति प्रदान की, जिससे अब यहां रात में भी नियमित उड़ानों का संचालन संभव हो गया है।
आपातकालीन और मेडिकल फ्लाइट्स को भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रात्रि उड़ान सेवा शुरू होने से अब निर्धारित उड़ानों के साथ-साथ आपातकालीन एवं मेडिकल फ्लाइट्स भी रात में संचालित की जा सकेंगी। इससे जीवनरक्षक सेवाओं को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंदों को त्वरित राहत उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से न केवल व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के आर्थिक और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से इस नई सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय राज्य मंत्री और विधायकों ने भी दी बधाई
समारोह को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विधायक धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया। उन्होंने इस सुविधा को बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।



