Raipur Airport BirdHit: एयरपोर्ट पर एयर इंडिया विमान से टकराया पक्षी, टला बड़ा हादसा

दिल्ली से रायपुर पहुंची फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान हुई घटना, जांच के बाद 2 घंटे देरी से भरी उड़ान
रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से रायपुर पहुंची एयर इंडिया की एक उड़ान की लैंडिंग के दौरान विमान से पक्षी टकराया।
जानकारी के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से रायपुर एयरपोर्ट पर उतर गया और घटना में किसी प्रकार की क्षति या यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि सुरक्षा मानकों के तहत विमान की तकनीकी जांच की गई।
बताया जा रहा है कि बर्ड हिट की घटना के बाद एयर इंडिया के विमान की विस्तृत जांच की गई, जिसके चलते विमान की अगली उड़ान करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई।
एयरपोर्ट प्रबंधन और तकनीकी टीम ने विमान का निरीक्षण कर उसे उड़ान के लिए सुरक्षित पाया। इसके बाद विमान को निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर रवाना किया गया।
गनीमत रही कि घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे। एयरपोर्ट प्रबंधन ने मामले को लेकर आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया।




