
रायपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर फेसबुक, अब साइबर ठगों के लिए ठगी का नया माध्यम बनते जा रहे हैं। ताजा मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह से जुड़ा है। शातिर साइबर ठग ने उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर परिचितों से पैसों की मांग शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ठग ने आज ही सुबोध सिंह के नाम से फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाई। हैरानी की बात यह है कि महज दो घंटे के भीतर इस फर्जी अकाउंट से 58 लोगों को फ्रेंड भी बना लिया गया। इसके बाद ठग ने उनके परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी।
मामले की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस फर्जी आईडी संचालित करने वाले आरोपी की पहचान करने और उसके खिलाफ कार्रवाई में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने का संदेश मिलने पर पहले उसकी पुष्टि करें। बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें और संदिग्ध प्रोफाइल की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर सेल को दें।
सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।




