छत्तीसगढ़राजनीति

भाजपा के नवीन जिला कार्यालय से संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

2028 में फिर भाजपा सरकार बनाने का किया आह्वान, कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की सबसे बड़ी ताकत

कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कवर्धा में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित जिला कार्यालय का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने नवीन कार्यालय का अवलोकन किया और कहा कि यह आधुनिक कार्यालय जिले के समस्त देवतुल्य कार्यकर्ताओं को समर्पित है।

मंचीय कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुवे सीएम साय ने कहा कि नवीन कार्यालय में सभागार सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी लोगों, श्रमिकों और कारीगरों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने स्मरण कराया कि भारतीय जनसंघ की स्थापना डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने की थी, जो आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी के रूप में विकसित हुई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाएं सभी संभाग एवं जिला मुख्यालयों में स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए संभाग मुख्यालयों में 50-50 लाख रुपये तथा जिला मुख्यालयों में 30-30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1984 में भाजपा के केवल दो सांसद थे, तब विरोधी दल भाजपा का उपहास उड़ाते थे। लेकिन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का विश्वास था कि “अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।” आज देश के 22 राज्यों में भाजपा या उसके नेतृत्व वाला गठबंधन सरकार चला रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान करने वाली लोकतांत्रिक पार्टी है और संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया है तथा शेष गारंटियों को भी शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है और अब तक साढ़े 10 लाख से अधिक आवास स्वीकृत अथवा निर्मित किए जा चुके हैं। महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त भी हितग्राही महिलाओं के खातों में जारी की जा चुकी है। बस्तर क्षेत्र में सर्वे कर छूटी हुई पात्र महिलाओं को भी योजना से जोड़ा जा रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं तथा रामलला दर्शन योजना के माध्यम से 50 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थ दर्शन योजना का भी पुनः संचालन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने तथा एकजुट होकर वर्ष 2028 में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यालय में लिफ्ट स्थापित करने की सहमति देते हुए इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा को सौंपी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search