छत्तीसगढ़अपराध

रायपुर में प्रेम प्रसंग का खूनी विवाद: कार से कुचलकर युवक की हत्या, CCTV आया सामने

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक की कार से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने शुक्रवार शाम करीब 4 बजे हुई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान परमप्रीत सिंह (34) निवासी सेक्टर-04, उदया सोसायटी, टाटीबंध, रायपुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, परमप्रीत सिंह का दुर्ग निवासी भरत मंगनानी से एक युवती को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के वक्त युवती भी कार में मौजूद थी।

पहले कार से मारी टक्कर, फिर छत पर चढ़े युवक को घसीटा

बताया जा रहा है कि एम्स अस्पताल के सामने विवाद बढ़ने के बाद आरोपी भरत मंगनानी ने अपनी कार से परमप्रीत सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद परमप्रीत कार की छत पर चढ़ गया और वाहन रोकने की कोशिश करता रहा।आरोप है कि चालक ने कार नहीं रोकी और कुछ दूरी तक तेज रफ्तार में वाहन चलाता रहा। इसके बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने वाहन से उसे कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर चोटों के कारण परमप्रीत की मौत हो गई।

BNS की धारा 103 के तहत मामला दर्ज:घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को जुटाना शुरू किया। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

युवती हिरासत में, आरोपी फरार: पुलिस ने घटना में मौजूद युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी भरत मंगनानी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अब CCTV फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search