छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, अगले 2 दिन एक्टिव रहेगा मानसून

रायपुर – छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय होने के बाद बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार को पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। झारखंड और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने अवदाब के प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में देखने को मिल सकता है।अब तक प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है, हालांकि कुल वर्षा में 9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
15 अगस्त को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।तीन दिन पहले रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच गिरकर करीब 28 डिग्री तक पहुंच गया।
इन जिलों में यलो अलर्ट
शनिवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
सरगुजा संभाग में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।
आकाशीय बिजली से रहें सावधान:बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है। मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें।




