ट्रक चालकों ने उठाई आवाज: परिवहन उड़नदस्तों की कथित वसूली से बढ़ी परेशानी, उच्चस्तरीय जांच की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ट्रक चालकों और परिवहन व्यवसायियों ने परिवहन विभाग के कुछ उड़नदस्तों और चेकिंग व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव सिंह सिद्धू ने परिवहन मंत्री केदार कश्यप और परिवहन आयुक्त को शिकायत भेजकर कथित अवैध वसूली, अस्थायी बैरियर और ट्रक चालकों से दुर्व्यवहार के मामलों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
परिवहन संगठन का आरोप है कि सड़क पर वाहनों की जांच के दौरान ट्रक चालकों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है। शिकायत में कुछ स्थानों पर निजी व्यक्तियों को साथ रखकर ट्रक चालकों से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और वसूली किए जाने का भी दावा किया गया है।
रास्ते में रोककर वसूली का आरोप
शिकायत के मुताबिक शिल्पी घाट, कवर्धा-दुर्ग बाईपास टोल नाका क्षेत्र और रायपुर-जगदलपुर मार्ग के मुजालगोंदी क्षेत्र में अस्थायी बैरियर लगाकर ट्रकों की जांच और कथित वसूली की शिकायतें सामने आई हैं।ट्रांसपोर्ट संगठन का कहना है कि मैकेनिकल टैक्स, समझौता शुल्क सहित अलग-अलग मदों के नाम पर राशि लिए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। संगठन ने सवाल उठाया है कि यदि यह शुल्क नियमानुसार हैं तो उनकी वसूली के लिए अपनाई जा रही प्रक्रिया और अस्थायी बैरियर की वैधानिकता स्पष्ट की जानी चाहिए।
चारामा में ट्रक चालकों का आक्रोश
शिकायत में रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर चारामा घाट के नीचे मुजालगोंदी में ट्रक चालकों द्वारा रास्ता जाम किए जाने जैसी स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। संगठन के मुताबिक लगातार चेकिंग और कथित वसूली से ट्रक चालकों में नाराजगी बढ़ रही है।
ट्रांसपोर्टरों की सीधी मांग नियम से हो कार्रवाई
AIMTC ने मांग की है कि ट्रक चालकों को सड़क पर बेवजह परेशान न किया जाए और यदि किसी वाहन के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है तो वह पूरी तरह कानून और निर्धारित प्रक्रिया के तहत हो। किसी भी शुल्क की वसूली केवल अधिकृत सरकारी व्यवस्था से और स्पष्ट रसीद के साथ किए जाने की मांग की गई है।संगठन ने निजी व्यक्तियों की कथित भूमिका की जांच और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग भी की है।
‘परिवहन व्यवसायियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार हो’
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (AIMTC) के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव सिंह सिद्धू का कहना है कि ट्रक चालक देश की अर्थव्यवस्था और सप्लाई चेन को चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सड़क पर उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। संगठन ने परिवहन विभाग से शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने और ट्रक चालकों के लिए पारदर्शी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने की मांग की है।




