छत्तीसगढ़

PM आवास पर विजय शर्मा की चुनौती स्वीकार, भूपेश बघेल बोले- समय और स्थान तय कर लें

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासत तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के मुद्दे पर बहस की दी गई चुनौती को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वीकार कर लिया है। बघेल ने कहा कि वे बहस के लिए तैयार हैं और विजय शर्मा समय और स्थान तय कर लें।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

विजय शर्मा ने दी थी बहस की चुनौती

दरअसल, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़े सामने रखते हुए कहा था कि प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर उनके निर्माण का निर्णय लिया गया था।

विजय शर्मा ने दावा किया कि सरकार बनने के बाद अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 11 लाख से अधिक मकान पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर प्रधानमंत्री आवास को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि यदि बघेल इस मुद्दे पर किसी भी मंच पर चर्चा करना चाहते हैं तो सरकार बहस के लिए तैयार है।

भूपेश बघेल ने स्वीकार की चुनौती:विजय शर्मा के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उन्हें विजय शर्मा की चुनौती मंजूर है। उन्होंने कहा कि समय और स्थान तय कर लिया जाए, वे बहस करने के लिए तैयार हैं।

बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए और इसी मुद्दे पर वे उप मुख्यमंत्री के साथ आमने-सामने चर्चा करने को तैयार हैं।

आवास के आंकड़ों पर उठाए सवाल

भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर विजय शर्मा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग आंकड़े बताए जा रहे हैं।बघेल के मुताबिक, मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में 18 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत होने की बात कही गई है, जबकि संसद में अलग आंकड़े बताए जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन दोनों आंकड़ों में सही कौन सा है?

बघेल का दावा- पहले से बने थे 11 लाख से ज्यादा आवासपूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पहले ही बनाए जा चुके थे। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल और उनके स्वयं के कार्यकाल में स्वीकृत किए गए आवास भी शामिल हैं।

बघेल ने कहा कि उनके कार्यकाल में बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान करीब 7 लाख आवास स्वीकृत कराए गए थे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए थे।

45 हजार आवास को लेकर भी सवाल

भूपेश बघेल ने कहा कि करीब 45 हजार ऐसे आवास थे, जो सर्वे में शामिल नहीं थे। उनके मुताबिक, तत्कालीन सरकार ने मुख्यमंत्री आवास के माध्यम से इन 45 हजार आवासों को स्वीकृति दी थी। इसी आधार पर उन्होंने कुल संख्या 18 लाख 50 हजार तक पहुंचने का दावा किया।

बघेल ने विजय शर्मा से सवाल किया कि मौजूदा सरकार ने अपने कार्यकाल में कितने प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए और उनमें से कितने आवास अब तक पूरे किए गए हैं।उन्होंने दावा किया कि कुल 18 लाख 45 हजार आवास उनके कार्यकाल में ही स्वीकृत हो चुके थे।

अब आमने-सामने बहस की चुनौती:प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी अब आमने-सामने बहस की चुनौती तक पहुंच गई है। विजय शर्मा की चुनौती को स्वीकार करते हुए भूपेश बघेल ने समय और स्थान तय करने की बात कही है।

अब देखना होगा कि दोनों नेताओं के बीच यह बहस कब और किस मंच पर होती है और प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावों के समर्थन में कौन से दस्तावेज और आंकड़े सामने रखते हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search