छत्तीसगढ़

CM साय ने की ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा, बोले- ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को जोड़ें

17 सितंबर से शुरू होगा अभियान, 17 अक्टूबर तक चलेगा; हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास से कलेक्टरों की बैठक लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अभियान से अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को देश के साथ छत्तीसगढ़ भी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए सेवा और जनभागीदारी के रंग में रंगेगा। अभियान का डिजाइन इस तरह तैयार किया गया है कि समाज के हर वर्ग के लिए कोई न कोई गतिविधि आयोजित हो और इसे केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जन-जन और घर-घर का अभियान बनाया जा सके।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इस दौरान जिले के प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलित कर अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। प्रत्येक दीप को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा। मैदानी अमला घर-घर पहुंचकर लोगों को इस पहल की जानकारी देगा और दीप प्रज्वलन के माध्यम से अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेगा।

बच्चों से लेकर किसानों और महिलाओं तक जुड़ेंगे

अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बच्चों की कल्पनाओं में विकसित भारत की तस्वीर सामने आएगी और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ‘आंगन का उत्सव’ के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला-बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटकों से पहुंचाई जाएगी योजनाओं की जानकारी

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से सरकारी योजनाओं, उनके उद्देश्यों और योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।

कहानी बदलाव की में दिखेंगी सफलता की कहानियां

अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां भी सामने लाई जाएंगी। इन कहानियों में योजना का नाम, हितग्राही और उसके जीवन में आए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी। इसका डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।

‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सरकार आपके द्वार’

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर रहेगा।इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा होंगी।

एक महीने तक चलेगा जनभागीदारी का अभियान

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों को ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। अभियान में बच्चे, महिलाएं, युवा, किसान, हितग्राही और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search