कल छत्तीसगढ़ आयेंगे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, 2 लाख परिवारों को मिलेंगी ‘खुशियों की चाबी’; 122 करोड़ के 39 विकास कार्यों की सौगात

CM साय के साथ बड़े कार्यक्रम में ग्रामीण आवास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका और तकनीकी नवाचार से जुड़ी कई योजनाओं का होगा शुभारंभ
सक्ती। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास, आवास, आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी नवाचार को नई गति देने वाला बड़ा आयोजन 11 सितंबर को सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विकसित भारत-जी राम जी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और अभियानों का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही करीब 122 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन होगा।
2 लाख परिवारों को मिलेगा पक्के घर का तोहफा
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत राज्य में नवनिर्मित 2 लाख आवासों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। कार्यक्रम में हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की जाएगी।वहीं आवास योजना में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देते हुए AI आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली का शुभारंभ किया जाएगा। इससे आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
नदियों और जलधाराओं के पुनर्जीवन के लिए ‘धार अपार’
‘विकसित भारत-जी राम जी’ के अंतर्गत ‘धार अपार अभियान’ शुरू किया जाएगा। इसके जरिए नदियों और उनकी सहायक जलधाराओं के पुनरुद्धार, संरक्षण और पुनर्जीवन को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान के माध्यम से निजी और सामुदायिक भूमि पर वृक्षारोपण को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए स्थायी आय के स्रोत विकसित करना है।
270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (IFC) का विमोचन होगा। इन क्लस्टरों के जरिए ग्रामीण परिवारों की कृषि आधारित आजीविका को मजबूत और विविधतापूर्ण बनाने, आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर टिकाऊ रोजगार के अवसर विकसित करने पर जोर रहेगा।
‘अथ उद्यम’ से ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा नया अवसर
‘अथ उद्यम-आजीविका से उद्यमिता की ओर’ कार्यक्रम के तहत चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ होगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़ाकर उद्यमिता और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।कार्यक्रम में उल्लेखनीय कार्य करने वाली रानी मिस्त्री, लखपति दीदियों और ड्रोन दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।
5 उत्कृष्ट पंचायतों के प्रतिनिधि होंगे सम्मानित:पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की 5 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे




