एसईसीएल मुख्यालय में गांधी जयंती पर स्वच्छता का संदेश, हैप्पी रन में शामिल हुए अधिकारी-कर्मचारी

गांधी उद्यान में सीएमडी हरीश दुहन एवं शीर्ष प्रबंधन ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया पौधरोपण
बिलासपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा हैप्पी रन’ के माध्यम से स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। इस दौरान एसईसीएल के शीर्ष प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
हैप्पी रन का शुभारंभ वसंत विहार कॉलोनी से हुआ, जो एसईसीएल मुख्यालय होते हुए नेहरू शताब्दी नगर स्थित गांधी उद्यान में संपन्न हुई। इसमें एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा कर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
गांधी उद्यान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सीएमडी हरीश दुहन, निदेशक मंडल के सदस्यों, सीवीओ एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपिता के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत गांधी उद्यान परिसर में पौधरोपण किया गया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने और प्रतिवर्ष 100 घंटे यानी प्रति सप्ताह दो घंटे श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एसईसीएल मुख्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं संविदा कर्मियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन वरुण शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन/औद्योगिक संबंध) ने किया।



