निवेश की नई संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखेंगे CM विष्णुदेव साय, सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री

सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ को मिला प्रतिनिधित्व का अवसर, वैश्विक निवेशकों से होगी चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को नामित किए जाने के बाद मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित पहले SING Forum 2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, विकास की अपार संभावनाओं और निवेश के आकर्षक अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय CEO Roundtable में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान राज्य की नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत बुनियादी ढांचे, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को साझा किया जाएगा।
राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करना और वैश्विक निवेश मानचित्र पर राज्य की मजबूत पहचान बनाना है।
SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी को अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।




