रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा रद्द, RPF स्थापना दिवस समारोह में नहीं होंगे शामिल

रायपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है। वे सोमवार, 12 अक्टूबर को रायपुर में आयोजित होने वाले रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे। उनके दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटा था।
इससे पहले रेल मंत्री का रायपुर दौरा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे बाद में बदलकर 12 अक्टूबर किया गया था। अब दौरा रद्द होने से रेलवे प्रशासन की तैयारियों के बीच कार्यक्रम को लेकर स्थिति बदल गई है।
सेरेमोनियल परेड होगी मुख्य आकर्षण
RPF स्थापना दिवस समारोह में सेरेमोनियल परेड प्रमुख आकर्षण रहने वाली है। इसमें महिला टुकड़ी, कोरस कमांडो टुकड़ी, डॉग स्क्वॉड और सेगवे टुकड़ी के प्रदर्शन की योजना है। इनके जरिए रेलवे सुरक्षा बल के अनुशासन, प्रशिक्षण और आधुनिक सुरक्षा तैयारियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
अधिकारियों और जवानों को मिलेंगे पदक
समारोह में उत्कृष्ट सेवा और राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए RPF के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित करने की योजना है। इसमें विशिष्ट सेवा के लिए तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 30 पुलिस पदक और वर्ष 2024 में रेल यात्री की जान बचाने के लिए जीवन रक्षा पदक शामिल हैं।
आधुनिक सुरक्षा तकनीकों की लगेगी प्रदर्शनी
कार्यक्रम में तकनीकी प्रदर्शनी भी प्रस्तावित है। इसमें ड्रोन पेट्रोलिंग, ह्यूमनॉइड रोबोट, अर्जुन और अपराध पहचान से जुड़े डिजिटल टूल्स CCTNS व NAFIS प्रदर्शित किए जाने हैं। इनके माध्यम से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी।
समारोह में RPF की महानिदेशक सोनाली मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और RPF के महानिरीक्षक मुनव्वर खुर्शीद सहित रेलवे, प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
रेल परियोजनाओं के कार्यक्रम पर नजर
रेल मंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास, ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन और अभनपुर-कुरुद ब्रॉडगेज लाइन से जुड़े कार्यक्रम तथा रायपुर-रावघाट और रायपुर-कुरुद ट्रेन सेवाओं के शुभारंभ की भी योजना थी। हालांकि, दौरा रद्द होने के बाद इन कार्यक्रमों की नई स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।




