छत्तीसगढ़

CGPSC अध्यक्ष की कुर्सी पर किसकी होगी ताजपोशी? महादेव कांवरे और नरेंद्र दुग्गा के नाम चर्चा में

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। करीब ढाई महीने से खाली पड़े इस महत्वपूर्ण पद के लिए दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। इनमें रिटायर्ड IAS महादेव कांवरे और मौजूदा IAS अधिकारी नरेंद्र कुमार दुग्गा शामिल हैं। हालांकि, सरकार की ओर से अब तक किसी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

रीता शांडिल्य का कार्यकाल खत्म, अध्यक्ष पद खाली

CGPSC की पूर्व अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त हो गया था। इसके बाद से आयोग को नया अध्यक्ष नहीं मिला है। अध्यक्ष पद रिक्त रहने के कारण आयोग के कामकाज और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी का असर अधिकारियों-कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया पर भी पड़ने की बात सामने आई है। विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) से जुड़े मामलों में अड़चन के चलते कर्मचारी-अधिकारी संगठन भी सरकार से जल्द नियुक्ति की मांग कर चुके हैं।

दो नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा

नए अध्यक्ष की दौड़ में महादेव कांवरे और नरेंद्र कुमार दुग्गा के नाम सामने आ रहे हैं। दोनों अधिकारियों के पास प्रशासनिक अनुभव है और छत्तीसगढ़ में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।

महादेव कांवरे 2008 बैच के IAS अधिकारी रहे हैं। वे रायपुर और बिलासपुर संभाग के आयुक्त सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। मई 2026 में सेवानिवृत्त होने के बाद अब उनका नाम CGPSC अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों में प्रमुखता से लिया जा रहा है।

वहीं नरेंद्र कुमार दुग्गा भी 2008 बैच के IAS अधिकारी हैं। वे वर्तमान में सरगुजा संभाग के आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे विभिन्न जिलों और प्रशासनिक विभागों में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

महादेव कांवरे का नाम आगे?

प्रशासनिक सूत्रों के हवाले से महादेव कांवरे का नाम इस दौड़ में आगे बताया जा रहा है। हालांकि, नियुक्ति को लेकर अंतिम निर्णय राज्य सरकार को लेना है। ऐसे में आखिरी समय में समीकरण बदलने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर अब प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। आयोग के लंबित कार्यों और पदोन्नति प्रक्रियाओं को गति देने के लिए नए अध्यक्ष की नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अब सबकी निगाहें राज्य सरकार के फैसले पर टिकी हैं कि CGPSC की कमान किस अधिकारी को सौंपी जाती है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search