भिलाई स्टील प्लांट में हादसा, लोडिंग वाहन के केबिन में फंसे ठेका श्रमिक की मौत

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में सोमवार को हादसे में एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ललित कुमार साहू के रूप में हुई है। वह राजनांदगांव का रहने वाला था और ठेका श्रमिक के तौर पर बीएसपी में काम करता था।
हादसा प्लांट के कोक ओवन बैटरी क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक ललित कुमार लोडिंग वाहन चला रहा था। इसी दौरान वह किसी वजह से वाहन के केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद उसे तत्काल बीएसपी मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को फिलहाल सेक्टर-9 अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखा गया है।
पुलिस और बीएसपी प्रबंधन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बीएसपी अधिकारी और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, ललित वाहन के केबिन में किन परिस्थितियों में फंसा, हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या वाहन संचालन के दौरान कोई अन्य घटना हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
ठेका श्रमिकों की सुरक्षा पर उठे सवाल
बीएसपी जैसे बड़े औद्योगिक संस्थान में ठेका श्रमिक की मौत के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर कोक ओवन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के लिए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जरूरत पर चर्चा शुरू हो गई है।फिलहाल पुलिस और बीएसपी प्रबंधन हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं।



