श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनीं छत्तीसगढ़ की महक नरवासे, CM साय ने किया सम्मानित, कहा- महक की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय

रायपुर। छत्तीसगढ़ की उभरती हुई युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए उन्हें टी-20 और वनडे दोनों टीमों का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने महक नरवासे को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री Giriraj Singh और सांसद Brijmohan Agrawal भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर महक का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महक नरवासे की सफलता केवल राजनांदगांव जिले की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं। महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि महक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।




