ज्ञापन सौंपने के बाद हरकत में आया प्रशासन, कल विधायक मोतीलाल साहू करेंगे रावाभाटा ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण

रायपुर। रावाभाटा ट्रांसपोर्ट नगर की समस्याओं को लेकर व्यवसायियों और रायपुर बस्तर कोरापुट परिवहन संघ की ओर से ज्ञापन सौंपे जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। अब 21 अगस्त 2026 को रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू रावाभाटा ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण करने पहुंचेंगे।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम कमिश्नर सहित नगर निगम बीरगांव का अमला भी मौजूद रहेगा। इस दौरान ट्रांसपोर्ट नगर में व्याप्त समस्याओं और व्यवसायियों की मांगों को लेकर मौके पर स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
सुबह 11 बजे संघ कार्यालय में जुटेंगे व्यवसायी:रायपुर बस्तर कोरापुट परिवहन संघ ने सभी ट्रांसपोर्ट नगर व्यवसायियों और ट्रक यूनियन के सदस्यों से 21 अगस्त को सुबह 11 बजे संघ कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है।
संघ की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, विधायक एवं निगम के अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान व्यवसायी अपनी समस्याओं और मांगों को सीधे उनके सामने रख सकेंगे।
संघ का कहना है कि रावाभाटा ट्रांसपोर्ट नगर से नगर निगम बीरगांव को सर्वाधिक कर राजस्व प्राप्त होता है, इसके बावजूद यहां सफाई व्यवस्था बेहद खराब है। पत्र के मुताबिक कई महीनों से जगह-जगह कूड़े-कचरे और गंदगी के ढेर लगे हैं। नाले और नालियां लंबे समय से साफ नहीं होने के कारण जाम हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और क्षेत्र में अस्वच्छता की स्थिति बनी हुई है।
परिवहन संघ ने ट्रांसपोर्ट नगर के वाहन पार्किंग क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध कब्जे किए जाने का आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि कुछ जगहों पर अवैध वाहन सेवा केंद्र और ट्रकों की धुलाई के स्थान संचालित किए जा रहे हैं। इनसे निकलने वाला गंदा पानी पार्किंग क्षेत्र और सड़कों पर बह रहा है, जिससे सड़कें खराब होने के साथ गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी पैदा हो रही है।
इसके अलावा कुछ अवैध भोजनालयों और गुमटियों द्वारा पार्किंग क्षेत्र में ही कचरा फेंके जाने की शिकायत की गई है। इससे जगह-जगह कचरे के ढेर लगने और ट्रांसपोर्ट नगर में आने-जाने वाले वाहन चालकों, परिचालकों और व्यापारियों को परेशानी होने की बात कही गई है।



