छत्तीसगढ़

बस्तर के बाद अब सरगुजा ओलंपिक, 28 जनवरी से आगाज, तैयारियों की हुई समीक्षा, पंजीयन में तेजी के निर्देश

अंबिकापुर। 20 जनवरी 2026बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन के बाद अब छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी खेल पहल सरगुजा ओलंपिक 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सरगुजा ओलंपिक 2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु संभाग स्तरीय वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नरेंद्र दुग्गा, संभागायुक्त सरगुजा एवं तनुजा सलाम, संचालक खेल एवं युवा कल्याण ने संयुक्त रूप से की।

यह बैठक अंबिकापुर स्थित जिला कलेक्टरेट कार्यालय के एनआईसी कक्ष से वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुई। बैठक में दीपक झा, पुलिस महानिरीक्षक, अजीत वसंत, कलेक्टर सरगुजा सहित संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला स्तरीय अधिकारी एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी जुड़े।

आदिवासी अंचल की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

बैठक को संबोधित करते हुए संभागायुक्त श्री दुग्गा ने कहा कि सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र है और यहां खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। युवाओं की स्वाभाविक खेल रुचि को पहचानकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता ग्रामीण और आदिवासी अंचल के युवाओं के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने जिलेवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए पंजीयन की प्रगति, संसाधनों की उपलब्धता और विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

25 जनवरी तक पंजीयन, प्रचार पर विशेष जोर

बैठक में बताया गया कि सरगुजा ओलंपिक 2026 के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 निर्धारित है। इस कारण पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती तनुजा सलाम ने सभी खेल अधिकारियों को स्कूल-कॉलेजों, पीटीआई, खेल संघों एवं पंचायत स्तर तक ओलंपिक की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ को जनपद स्तर पर वॉल राइटिंग और अन्य माध्यमों से जागरूकता बढ़ाने को कहा गया।

सरगुजा ओलंपिक 2026 की प्रमुख तिथियां

पंजीयन की अंतिम तिथि: 25 जनवरी 2026
विकासखण्ड स्तरीय आयोजन: 28 जनवरी से 03 फरवरी 2026
जिला स्तरीय आयोजन: 05 फरवरी से 10 फरवरी 2026
संभाग स्तरीय आयोजन: 01 मार्च से 03 मार्च 2026

ये खेल होंगे आयोजित

एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल सहित कई खेल आयोजित होंगे। हॉकी और कुश्ती के खिलाड़ी सीधे जिला स्तर पर भाग लेंगे।

खेल संस्कृति को मिलेगी नई पहचान

सरगुजा ओलंपिक 2026 न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

बस्तर ओलंपिक को मिली ऐतिहासिक सफलता

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी खेल पहल बस्तर ओलंपिक ने इतिहास रच दिया है। यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक बदलाव, विश्वास और पुनर्वास का मजबूत प्रतीक बनकर सामने आया है। बस्तर ओलंपिक की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसमें न केवल स्थानीय ग्रामीण और आदिवासी खिलाड़ियों ने भाग लिया, बल्कि नक्सल विचारधारा छोड़ चुके युवाओं ने भी खुलकर सहभागिता की।

बस्तर ओलंपिक ने भागीदारी के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। पिछले दो वर्षों में खिलाड़ियों के पंजीयन में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। पहले संस्करण की तुलना में दूसरे वर्ष में न केवल पंजीयन संख्या बढ़ी, बल्कि महिला खिलाड़ियों, ग्रामीण युवाओं और दूरस्थ अंचलों से आए प्रतिभागियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button