नक्सल खात्मे के बाद बस्तर में नेताओं की सुरक्षा घटाने की तैयारी, BJP-कांग्रेस के 116 नेताओं की सुरक्षा में कटौती

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के बाद अब नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। जानकारी के मुताबिक, बस्तर क्षेत्र के भाजपा और कांग्रेस से जुड़े 116 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी कम की गई है। इसमें जेड प्लस (Z+) से जेड (Z) और जेड (Z) से वाई (Y) श्रेणी में सुरक्षा घटाने की बात सामने आई है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ गृह विभाग की ओर से जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किए जाने की जानकारी है।
जानकारी के अनुसार, भाजपा और कांग्रेस के नौ नेताओं की सुरक्षा जेड प्लस से घटाकर जेड श्रेणी की गई है। इनमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मंत्री कवासी लखमा के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कर्मा परिवार को मिल रही सुरक्षा में भी कटौती की गई है।
बस्तर के सांसदों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किए जाने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा श्रेणी में बदलाव के तहत कुछ नेताओं की सुरक्षा जेड से घटाकर वाई श्रेणी किए जाने की बात कही जा रही है।
बस्तर में नक्सल गतिविधियों में कमी और सुरक्षा हालात में बदलाव के बीच नेताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा की समीक्षा को इस कदम से जोड़कर देखा जा रहा है।




