छत्तीसगढ़

रायपुर पश्चिम में तिरंगा यात्रा ने रचा राष्ट्रगौरव का ऐतिहासिक अध्याय

हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर निकाली विराट यात्रा, 51 पंडितों ने की भारत माता की दिव्य आरती

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति और जनएकता के रंग में रंग गया। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में निकली विराट तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।हाथों में तिरंगा, केसरिया साफा पहने युवा और महिलाएं तथा मोटरसाइकिलों के लंबे काफिले के बीच “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा रायपुर पश्चिम गूंज उठा। यात्रा का जगह-जगह सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं जयघोष के साथ स्वागत किया।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

कई प्रमुख मार्गों से गुजरा तिरंगे का कारवां

तिरंगा यात्रा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से प्रारंभ होकर तात्यापारा, रामसागर पारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, रामनगर अंडर ब्रिज, कर्मा चौक, कबीर चौक और CSEB चौक होते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंची।पूरे मार्ग पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर यात्रा का स्वागत किया।

“सिर्फ तिरंगा नहीं, जन-जन का राष्ट्रप्रेम लहराया” – राजेश मूणत

विधायक राजेश मूणत ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा किसी एक व्यक्ति या संगठन का आयोजन नहीं, बल्कि रायपुर पश्चिम की जनता के राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय स्वाभिमान की सामूहिक अभिव्यक्ति है।उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की राष्ट्रीय अस्मिता, एकता और स्वाभिमान का सर्वोच्च प्रतीक है। हजारों युवाओं, माताओं-बहनों और नागरिकों को एक साथ तिरंगे के नीचे चलते देखकर मन गौरव से भर गया। आज रायपुर पश्चिम की सड़कों पर केवल तिरंगा नहीं, बल्कि जन-जन का राष्ट्रप्रेम और भारत के प्रति अटूट निष्ठा लहराई है।

मूणत ने यात्रा के स्वागत और आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले सामाजिक संगठनों, नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।बृजमोहन अग्रवाल बोले—तिरंगा हर भारतीय के स्वाभिमान का प्रतीकरायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि रायपुर पश्चिम में उमड़ा जनसैलाब देश के प्रति नागरिकों के प्रेम और सम्मान की अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के साथ-साथ प्रत्येक भारतीय के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यात्रा में युवाओं, महिलाओं और नागरिकों की भागीदारी यह दर्शाती है कि राष्ट्रप्रेम की भावना नई पीढ़ी में लगातार मजबूत हो रही है।

भारत माता चौक पर 51 पंडितों ने की दिव्य आरती

शाम करीब 6 बजे तिरंगा यात्रा भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंची। यहां यात्रा के समापन के बाद 51 पंडितों द्वारा गंगा आरती की तर्ज पर भारत माता की भव्य आरती की गई।एक साथ प्रज्ज्वलित 51 दीपों की ज्योति, वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की आरती में सहभागिता की। राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति का यह संगम आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि एक ओर हजारों हाथों में लहराता राष्ट्रध्वज और दूसरी ओर भारत माता की आरती में प्रज्ज्वलित दीपों की ज्योति राष्ट्रभक्ति और भारतीय संस्कृति के अद्भुत संगम को दर्शाती है।

लोकरंग अर्जुंदा की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां

भारत माता की आरती के बाद छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकरंग अर्जुंदा के कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी भावपूर्ण बना दिया।

राजेश मूणत ने आयोजन की सफलता को रायपुर पश्चिम की जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा कि हजारों लोगों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रप्रेम की भावना क्षेत्र के हर वर्ग में मजबूत है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा समाप्त हो गई है, लेकिन इससे प्रज्वलित राष्ट्रप्रेम की ज्योति हमेशा लोगों के हृदय में प्रकाशमान रहेगी।हजारों हाथों में तिरंगा, हजारों हृदयों में राष्ट्रप्रेम और 51 आरती दीपों की दिव्य ज्योति के साथ रायपुर पश्चिम ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रगौरव का यादगार अध्याय लिख दिया।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search