
रायपुर। बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग रायपुर प्रवास पर है। उन्होंने SIR के मुद्दे पर कहा है वोटर शुद्धिकरण लोकतंत्र के लिए अमृत है। यह पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया है। नकली वोट और घुसपैठिया वोट लोकतंत्र को खोखला करते हैं। उन्होंने कहा कि हर 20 साल बाद होने वाला SIR फर्जी वोटरों और घुसपैठियों की पहचान करता है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने के लिए बयान दे रही है, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संविधान भारत के नागरिकों को वोट का अधिकार देता है, जो नागरिक नहीं हैं उन्हें अधिकार कैसे मिल सकता है?
ममता बनर्जी के पत्र पर तरुण चुग ने पलटवार करते हुए कहा कि SIR नकली वोट और घुसपैठियों का पता लगाता है। ममता बनर्जी, कांग्रेस और उनके सहयोगी दल मुस्लिम वोट बैंक का एजेंडा उठाकर झूठ फैलाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, जो बिल्कुल गलत है।
सचिन पायलट पर तरुण चुग का बयान
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के बस्तर दौरे पर तरुण चुग ने कहा उन्हें आना चाहिए। यह उनका संवैधानिक अधिकार है। लेकिन कांग्रेस BLA-1 और BLA-2 की सूची दी है। एक तरफ सूची दे रहे हैं और दूसरी तरफ सवाल उठा रहे हैं। चुनाव आयोग जनता को सत्ता चुनने का मौका देता है, फिर भी उसे बदनाम करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में जीतें तो चुनाव आयोग ठीक, अन्य जगह जनता हरा दे तो चुनाव आयोग गलत, यह दोहरा चरित्र है।
तरुण चुग ने कहा कि बिहार की जनता ने झूठ और भ्रामक प्रचार की सज़ा दी है। मतदान का अधिकार भारत के नागरिकों का है, बाहरी लोगों को नहीं।


