छत्तीसगढ़

21 टाउन प्लानरों को नियुक्ति पत्र, सीएम साय बोले- शहरीकरण को मिलेगी नई दिशा, मंत्री ओपी चौधरी ने कहा – ‘भर्ती में भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़ा’

आवास एवं पर्यावरण विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सीएम साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और मंत्री केदार कश्यप ने सौंपे नियुक्ति पत्र

रायपुर। आवास एवं पर्यावरण विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और मंत्री केदार कश्यप ने 21 नवनियुक्त टाउन प्लानरों को नियुक्ति पत्र सौंपे। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

25 साल में 17, अब एक साथ 21 नियुक्तियां : सीएम साय

IMG 20260909 154929 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज 21 बेटे-बेटियों को सहायक संचालक के पद पर नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। यह उनके अभिभावकों के लिए भी खुशी का बड़ा अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब गांव के लोग शहरों में या सड़कों के किनारे मकान बनाने से झिझकते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। लोग तेजी से शहरों की ओर आ रहे हैं और सड़कों के किनारे भी घर बना रहे हैं। ऐसे में सुनियोजित शहरी विकास और बेहतर टाउन प्लानिंग की आवश्यकता लगातार बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ बनने के करीब 25 वर्षों में जहां टाउन प्लानिंग से जुड़े महज 17 पदों पर नियुक्तियां हुई थीं, वहीं अब एक साथ 21 पदों पर भर्ती हुई है। इससे प्रदेश में शहरीकरण को बेहतर ढंग से व्यवस्थित और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा सरकारी नियुक्तियां

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल में अब तक 15 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। विभिन्न विभागों में भर्ती की प्रक्रिया लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार की चिंता केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि दो लाख युवाओं को उद्योगों से जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य भी रखा गया है। सरकारी क्षेत्र के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

शहरीकरण तेजी से बढ़ेगा, बेहतर टाउन प्लानिंग जरूरी : ओपी चौधरी

IMG 20260909 155247 आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि आज जिन 21 टाउन प्लानरों को नियुक्ति पत्र दिया गया है, वे छत्तीसगढ़ के शहरी विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण करना है और इसी स्पष्ट रोडमैप के साथ देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है। शहरीकरण इस विकास प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और आने वाले समय में राज्य में शहरीकरण की गति और तेज होगी।

ओपी चौधरी ने कहा कि गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में 55 से 60 प्रतिशत तक आबादी शहरी क्षेत्रों में निवास करती है। जैसे-जैसे कोई अर्थव्यवस्था विकसित होती है, वैसे-वैसे शहरी आबादी भी बढ़ती है। इसलिए छत्तीसगढ़ में अभी से बेहतर और वैज्ञानिक टाउन प्लानिंग पर जोर देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शहरी विकास और टाउन प्लानिंग को लेकर गहराई से योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अकेले रायपुर तहसील में होने वाली रजिस्ट्री पूरे बस्तर संभाग से अधिक है। जहां जरूरत के अनुसार रजिस्ट्रार के पद बढ़ाने की आवश्यकता है, वहां चार से बढ़ाकर 16 टेबल करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि राजस्व में वृद्धि हो और राज्य की प्रगति को गति मिले।

‘भर्ती में भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़ा’

वित्त मंत्री ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर कहा कि इन नियुक्तियों के लिए किसी भी अभ्यर्थी को भ्रष्टाचार का सामना नहीं करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पारदर्शी तरीके से भर्ती की है।उन्होंने नवनियुक्त टाउन प्लानरों से कहा कि आगे पदोन्नति में भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। आपका काम और आपकी कार्यक्षमता ही आपको आगे बढ़ाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिस जिम्मेदारी के साथ उन्हें नियुक्ति मिली है, उसका लाभ पूरे छत्तीसगढ़ को मिलना चाहिए।

इसके पहले कार्यक्रम में आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद अब तक टाउन प्लानिंग विभाग में महज 17 पदों पर ही भर्ती हुई थी। बदलते समय और नई कार्यप्रणाली को देखते हुए भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप विभाग में भर्ती नियमों में संशोधन किया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के माध्यम से नई प्रक्रिया के तहत भर्ती की गई और पहली बार एक साथ 21 पदों पर टाउन प्लानरों की नियुक्ति हुई है।

उन्होंने कहा कि विभाग को एक बड़ा वर्कफोर्स मिला है और इससे टाउन प्लानिंग की व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि विभाग में अन्य पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search