Auto Expo 2026 का आगाज, रायपुर में वाहन खरीदी पर RTO टैक्स में 50% तक की बड़ी छूट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वाहन खरीदारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ऑटो एक्सपो–2026 का आयोजन 20 जनवरी से 05 फरवरी 2026 तक रायपुर में किया जा रहा है। इस ऑटो एक्सपो के तहत वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को जीवनकाल कर (आरटीओ टैक्स) में एकमुश्त 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को सीधा और बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा।
कहां और कब तक हो रहा है ऑटो एक्सपो–2026
रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित यह एक्सपो श्री राम बिजनेस पार्क, एमजीएम हॉस्पिटल के सामने, विधानसभा रोड, सड्डू रायपुर में लगाया गया है।ऑटो एक्सपो की अवधि 20 जनवरी 2026 से 05 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान खरीदे गए वाहनों पर आरटीओ टैक्स में छूट का लाभ तत्काल मिलेगा।
पूरे प्रदेश को मिलेगा लाभ
यह छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा ऑटो एक्सपो है, जिसका लाभ प्रदेश के सभी जिलों के नागरिकों को मिलेगा। वाहन खरीदने के लिए आमजन को अनिवार्य रूप से रायपुर आने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने शहर या गांव के नजदीकी पंजीकृत डीलर के माध्यम से भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
इसके साथ ही वाहन का पंजीयन अपने गृह जिले में ही कराया जा सकेगा, जिससे खरीदारों को अपने जिले का आरटीओ कोड मिलेगा। यह सुविधा दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष रूप से उपयोगी मानी जा रही है।
डीलर्स और व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा
इस ऑटो एक्सपो में रायपुर जिले के 95 डीलर्स और अन्य जिलों के 171 डीलर्स, कुल 266 डीलर्स भाग ले रहे हैं। दूरदराज के इलाकों से आए डीलर्स की भागीदारी से छोटे व्यापारियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय ऑटोमोबाइल कारोबार को मजबूती मिलेगी।
फाइनेंस, बीमा और नई तकनीक का लाभ
रायपुर ऑटो एक्सपो–2026 में देश के प्रमुख बैंक और फाइनेंस कंपनियां न्यूनतम ब्याज दरों पर वाहन ऋण उपलब्ध करा रही हैं। वहीं, बीमा कंपनियां भी कम प्रीमियम पर वाहन बीमा की सुविधा दे रही हैं।
एक ही स्थान पर विभिन्न ब्रांड्स के नवीनतम तकनीक से लैस वाहन मॉडल देखने, परखने और चुनने का अवसर मिलने से उपभोक्ताओं को बेहतर निर्णय लेने में आसानी होगी।
समझिए क्यों खास है ऑटो एक्सपो–2026
50% आरटीओ टैक्स छूट क्यों अहम है?- इससे वाहन की कुल कीमत में हजारों से लाखों रुपये तक की सीधी बचत होती है।
आम नागरिक को क्या फायदा होगा? – कम कीमत, आसान फाइनेंस, सस्ता बीमा और गृह जिले में पंजीयन – चारों लाभ एक साथ।
पिछले वर्ष का अनुभव क्या कहता है? – वर्ष 2025 के ऑटो एक्सपो में 29,348 वाहनों की बिक्री हुई थी और करीब 120 करोड़ रुपये की आरटीओ टैक्स छूट नागरिकों को मिली थी।
आमजन के लिए सुनहरा अवसर
ऑटो एक्सपो–2026 वाहन खरीदने के इच्छुक नागरिकों के लिए किफायती दरों पर वाहन लेने, स्थानीय स्तर पर पंजीयन कराने और एक ही मंच पर कई विकल्पों की तुलना करने का एक बड़ा अवसर बनकर सामने आया है।




