
रायपुर। छत्तीसगढ़ के होटल कारोबार जगत के लिए बड़ी खबर है। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित होटल समूह बेबीलॉन कैपिटल ने अब अयोध्या में भी अपने कारोबार का विस्तार किया है। समूह ने अयोध्या में तीन सितारा होटल ‘बेबीलॉन कैपिटल-अयोध्या’ की शुरुआत की है। इसे छत्तीसगढ़ के किसी होटल समूह का अयोध्या में पहला बड़ा होटल प्रोजेक्ट बताया जा रहा है।
होटल समूह के प्रमुख परमजीत (पप्पू) खनूजा ने अयोध्या में होटल शुरू होने की पुष्टि की है। करीब साढ़े तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 30 कमरे, रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल और लॉन की सुविधा शुरू कर दी गई है।
राम मंदिर और एयरपोर्ट से सुविधाजनक दूरी
होटल की लोकेशन को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह राम मंदिर से करीब 7 किलोमीटर, राम पथ से 200 मीटर, अयोध्या एयरपोर्ट से 4 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 2.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
100 लग्जरी कमरों वाला होगा होटल
पूरी तरह विकसित होने के बाद होटल में करीब 100 लग्जरी कमरे, क्लास रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, स्विमिंग पूल और खूबसूरत लॉन सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। फिलहाल पहले चरण का संचालन शुरू हो चुका है, जबकि शेष निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
समूह के संचालक परमजीत खनूजा के मुताबिक, होटल को जल्द ही पूरी क्षमता और आधुनिक सुविधाओं के साथ संचालित करने की तैयारी है। अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के लिए पहुंचने वाले छत्तीसगढ़ सहित देशभर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इस होटल से बेहतर ठहरने का विकल्प मिल सकेगा।




