Big News: छत्तीसगढ़ में अब नर्सिंग सिस्टर कहलाएंगी “सीनियर नर्सिंग ऑफिसर”, स्टाफ नर्स का नाम होगा “नर्सिंग ऑफिसर”

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नर्सिंग संवर्ग के सम्मान में बड़ा ऐलान किया है। अब “नर्सिंग सिस्टर” पदनाम बदलकर “सीनियर नर्सिंग ऑफिसर” और “स्टाफ नर्स” का पदनाम “नर्सिंग ऑफिसर” किया जाएगा।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और मरीजों की सेवा में उनका योगदान अतुलनीय है।
उन्होंने कोविड काल में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका को याद करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नर्सों ने समर्पण और सेवा भाव के साथ कार्य किया। उन्होंने नर्सों की तुलना माँ से करते हुए कहा कि वे मरीजों की देखभाल परिवार की तरह करती हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
इस अवसर पर सीनियर नर्सिंग ऑफिसर डॉ. रीना राजपूत, नीलिमा शर्मा, रंजना सिंह ठाकुर, सुमन देवांगन, कोमेश्वरी नवरंगे, प्रगति सतपुते, शीतल सोनी और नमिता डेनियल सहित पूरे नर्सिंग स्टाफ को बधाई दी गई।
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने जताया आभार
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने छत्तीसगढ़ माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित करता है। विदित हो कि संघ पिछले लगभग 10 वर्षों से “स्टाफ नर्स” पदनाम को “नर्सिंग ऑफिसर” तथा “नर्सिंग सिस्टर” पदनाम को “सीनियर नर्सिंग ऑफिसर” किए जाने की मांग को लेकर निरंतर संघर्षरत था।
अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी द्वारा की गई यह घोषणा समस्त नर्सिंग समुदाय के लिए अत्यंत गौरव, हर्ष एवं सम्मान का विषय है।यह निर्णय केवल पदनाम परिवर्तन नहीं, बल्कि नर्सिंग सेवाओं के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं गरिमा को सम्मान एवं पहचान देने वाला ऐतिहासिक कदम है। इससे प्रदेश के हजारों नर्सिंग कर्मचारियों के आत्मसम्मान और मनोबल को नई ऊर्जा मिलेगी।
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ इस संवेदनशील एवं ऐतिहासिक निर्णय के लिए पुनः माननीय मुख्यमंत्री जी एवं माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता है।



