
जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को मिली छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी, कोको पाढ़ी ओडिशा और नरेश ठाकुर गुजरात के प्रभारी सचिव नियुक्त
रायपुर। कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा फेरबदल किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने 81 सचिवों की नियुक्ति और जिम्मेदारियों में बदलाव की सूची जारी की है। इस फेरबदल में छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को भी नए प्रभारी सचिव मिले हैं।
AICC की ओर से जारी सूची के मुताबिक, जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी विजय जांगिड और संपत कुमार संभाल रहे थे। दोनों को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। वहीं जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ से हटाकर नॉर्थ ईस्ट राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठनात्मक बदलाव में छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों में भी अहम जिम्मेदारियां मिली हैं। युवा नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं नरेश ठाकुर को गुजरात प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
देवेंद्र यादव और राजेश तिवारी को हटाया गया
इस फेरबदल के तहत भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को गुजरात PCC के प्रभारी सचिव पद से हटा दिया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के प्रभारी सचिव राजेश तिवारी को भी जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।
कांग्रेस महासचिव एवं सांसद केसी वेणुगोपाल ने नियुक्तियों और जिम्मेदारियों में बदलाव को लेकर आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी की है। पार्टी के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।




