छत्तीसगढ़ में 4 IAS अधिकारियों को पदोन्नति, सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक बने अपर मुख्य सचिव; दो अधिकारियों को प्रमुख सचिव का दर्जा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के चार वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर 2026 को इस संबंध में दो अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। इनमें दो अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव (ACS) वेतनमान और दो अधिकारियों को प्रमुख सचिव (Principal Secretary) वेतनमान में पदोन्नत किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को एपेक्स स्केल (Pay Matrix Level-17) में पदोन्नति दी गई है। पदोन्नति के बाद सुबोध कुमार सिंह को अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री तथा अतिरिक्त प्रभार अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली के प्रमुख आवासीय आयुक्त का दायित्व भी संभालेंगे।
वहीं, निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव, गृह एवं जेल विभाग के पद पर पदोन्नत किया गया है। वे वर्तमान में प्रमुख सचिव, गृह एवं जेल विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
दो अधिकारियों को मिला प्रमुख सचिव वेतनमान
राज्य शासन के दूसरे आदेश के तहत IAS अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान (Pay Matrix Level-15) में पदोन्नति दी गई है।
डॉ. रोहित यादव वर्तमान में सचिव, वित्त विभाग के साथ जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे हैं। पदोन्नति के बाद वे प्रमुख सचिव, वित्त विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे।
इसी तरह डॉ. कमलप्रीत सिंह, जो वर्तमान में सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ हैं, उन्हें पदोन्नत कर प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग बनाया गया है।






