छत्तीसगढ़

“सहकार से समृद्धि” की ओर बड़ा कदम: 515 नए पैक्स का शुभारंभ, किसानों को मिलेगी सीधी सुविधा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से प्रदेश में 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) का वर्चुअल शुभारंभ किया। उन्होंने इसे किसानों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि यह कदम “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक साबित होगा।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि इन नई समितियों के शुरू होने से प्रदेश में कुल सहकारी समितियों की संख्या बढ़कर 2573 हो गई है। अब किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं उनके गांव के नजदीक ही मिल सकेंगी। साथ ही धान खरीदी की प्रक्रिया भी सरल होगी और किसान अपनी नजदीकी समिति में ही उपज बेच सकेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य की 2058 समितियों को पहले ही कंप्यूटरीकृत किया जा चुका है और इनमें माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध है, जिससे किसान 20 हजार रुपये तक की राशि निकाल सकते हैं। नवगठित समितियों में से 197 समितियां आदिवासी क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं, जिससे दूर-दराज के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि ये समितियां केवल खाद-बीज वितरण तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि भविष्य में दुग्ध उत्पादन, मछली पालन जैसी गतिविधियों से भी जुड़ेंगी। साथ ही यहां लोक सेवा केंद्र शुरू किए जाएंगे, जहां एक ही स्थान पर 25 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम में केदार कश्यप, रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधि वर्चुअल रूप से शामिल हुए।मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे इन समितियों के सदस्य बनकर इसका अधिकतम लाभ उठाएं और सहकारिता मॉडल को मजबूत बनाएं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search