बीजापुर ब्रेकिंग: ताड़पाला हिल्स में नक्सल विरोधी अभियान,14 आईईडी, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और राशन बरामद

बीजापुर। जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों ने सघन अभियान चलाते हुए नक्सलियों की गतिविधियों को बड़ा झटका दिया है। ताड़पाला हिल्स क्षेत्र में चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 14 आईईडी, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और राशन बरामद किया है। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली स्मारक को भी ध्वस्त किया।यह संयुक्त अभियान CRPF की 196 बटालियन और CoBRA की 204 बटालियन द्वारा अंजाम दिया गया। अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में गहन तलाशी ली गई और नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री को नष्ट किया गया।
मोदकपाल थाना क्षेत्र में 6 नक्सली स्मारक ध्वस्तइसी कड़ी में मोदकपाल थाना क्षेत्र के पंगुड़ गांव में एक और बड़ी कार्रवाई की गई। यहां पुलिस और CRPF B/62 की संयुक्त टीम ने 6 नक्सली स्मारकों को ध्वस्त किया। यह स्मारक नक्सलियों द्वारा ग्रामीणों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से बनाए गए थे।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सुरक्षाबलों के समर्थन में “भारत माता की जय” के नारे लगाए, जिससे इलाके में विश्वास और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि बीजापुर और आसपास के इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। सुरक्षाबलों का फोकस न सिर्फ नक्सली ढांचे को ध्वस्त करना है, बल्कि ग्रामीणों को भयमुक्त वातावरण देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना भी है।



