
नई दिल्ली/बिलासपुर। बिलासपुर शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में मुलाकात की। बैठक में उन्होंने बिलासपुर के लिए प्रस्तावित ₹827.20 करोड़ की लागत वाली 4-लेन रिंग रोड परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।
तोखन साहू ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि बिलासपुर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण शहर को एक आधुनिक रिंग रोड की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड राष्ट्रीय राजमार्ग-130, राष्ट्रीय राजमार्ग-130A और राष्ट्रीय राजमार्ग-49 को आपस में जोड़ेगी। इससे भारी मालवाहक वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा और नागरिकों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से बिलासपुर के औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही यात्रा का समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और शहर के समग्र शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक के दौरान तोखन साहू ने यह भी जानकारी दी कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), ट्रैफिक सर्वे और ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इन सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। माना जा रहा है कि परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद बिलासपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक तथा आधारभूत विकास को भी नई गति मिलेगी।



