छत्तीसगढ़अपराध

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में बड़ा अपडेट: दुबई में गिरफ्तार हुआ फरार आरोपी विकास अग्रवाल, भारत लाने की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3,200 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल वह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों की हिरासत में है। अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में जुट गई हैं।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का अहम वित्तीय मैनेजर बताया गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, वह कथित तौर पर डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारियों से कमीशन की वसूली करता था। इसके बाद यह रकम शराब घोटाले के मुख्य आरोपियों में शामिल अनवर ढेबर तक पहुंचाई जाती थी।

कई साल से जांच एजेंसियों की पकड़ से था बाहर

बताया जा रहा है कि विकास अग्रवाल पिछले कई वर्षों से जांच एजेंसियों की गिरफ्त से बाहर था। अब दुबई में उसकी गिरफ्तारी के बाद उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके लिए UAE के अधिकारियों के साथ आवश्यक कानूनी और कूटनीतिक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

भारत लाए जाने के बाद जांच एजेंसियां उससे शराब घोटाले में कथित वित्तीय लेन-देन, कमीशन की वसूली और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर सकती हैं। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी से मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

क्या है छत्तीसगढ़ का 3200 करोड़ रुपये का शराब घोटाला?

छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) और राज्य की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW/ACB) कर रही हैं। ED की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामले में FIR दर्ज की गई है। जांच एजेंसी ने इस कथित घोटाले का आकार 3,200 करोड़ रुपये से अधिक बताया है।

ED की जांच के अनुसार, तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में कथित तौर पर एक सिंडिकेट के जरिए शराब कारोबार में अनियमितताएं की गईं। जांच एजेंसी ने तत्कालीन IAS अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर की भूमिका को लेकर आरोप लगाए हैं।

जांच एजेंसी का आरोप है कि इस सिंडिकेट के जरिए सरकारी शराब कारोबार में अवैध कमीशन वसूली और वित्तीय गड़बड़ियों को अंजाम दिया गया। विकास अग्रवाल की दुबई में गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में आगे की जांच और प्रत्यर्पण की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search