
रायपुर। बेमेतरा जिले के बिरनपुर हिंसा मामले में करीब दो साल बाद आज से ट्रायल शुरू हो गया है। इस हाई-प्रोफाइल केस की सुनवाई रायपुर स्थित स्पेशल कोर्ट में की जा रही है। मामले की जांच कर चुकी CBI की चार्जशीट में पुलिस पर पत्थरबाजी का उल्लेख किया गया है।
ट्रायल के पहले चरण में विधायक ईश्वर साहू समेत 23 गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे। यह प्रक्रिया तीन दिनों तक चलेगी। गौरतलब है कि 8 अप्रैल 2023 को बेमेतरा के बिरनपुर गांव में दो समुदायों के बीच हुई हिंसा में भुवनेश्वर साहू समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद पूरे प्रदेश में तनाव का माहौल बन गया था और मामले की जांच राज्य सरकार ने CBI को सौंप दी थी।
अदालत में सुनवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। गवाहों के बयान के साथ-साथ घटनास्थल से जुड़े डिजिटल और भौतिक सबूत भी पेश किए जा सकते हैं।
जाने क्या हुआ था बिरनपुर में
यह घटना 8 अप्रैल 2023 को बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में हुई थी। गांव में दो बच्चों के बीच छोटे विवाद ने देखते ही देखते दो समुदायों (हिंदू और मुस्लिम) के बीच हिंसक झड़प का रूप ले लिया। भुवनेश्वर साहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि रहीम और ईदुल की हत्या बाद में हुई आगजनी और हमलों में हुई। घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद ने 10 अप्रैल 2023 को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया, जिससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस ने 7 एफआईआर दर्ज कीं, जिसमें 12 से अधिक लोग आरोपी बनाए गए। 9 अक्टूबर 2023 को बीजेपी ने ईश्वर साहू को साजा सीट से प्रत्याशी बनाया। ईश्वर साहू के चुनाव जीतने और बीजेपी के सत्ता में आने के बाद 26 अप्रैल 2024 को केंद्र सरकार के निर्देश पर इस केस को CBI ने हैंडओवर लिया था



