लोकल यात्रा के लिए BJP विधायक पुरंदर मिश्रा ने खरीदा ई रिक्शा, बोले – लोकल कार्यक्रम में शामिल होने ई रिक्शा से जाऊंगा

रायपुर। ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों में भी दिखने लगा है। बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने स्थानीय यात्राओं के लिए ई-रिक्शा खरीदी है। पुरंदर मिश्रा ने कहा कि अब वे आसपास के कार्यक्रमों और लोकल आयोजनों में शामिल होने के लिए ई-रिक्शा का उपयोग करेंगे। उनका कहना है कि छोटे-छोटे बदलाव भी बड़े स्तर पर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।देशभर में ईंधन संरक्षण और ईवी वाहनों को बढ़ावा देने की पहल के बीच पुरंदर मिश्रा का यह कदम चर्चा का विषय बन गया है। इसे पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संसाधनों के संयमित उपयोग की दिशा में एक संदेश के तौर पर देखा जा रहा।
पीएम मोदी की अपील का असर दिखने लगा
प्रधानमंत्री मोदी की अपील और ईंधन बचत अभियान का असर अब नेताओं में भी दिखने लगा है। पीएम मोदी ने खुद अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने की पहल की है। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई बीजेपी नेता और मंत्री भी अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम करने या ईवी वाहनों को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी अपने काफिले की गाड़ियों की संख्या कम की है और लोगों से ईवी वाहन अपनाने की अपील की है। इसी कड़ी में बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने स्थानीय यात्राओं के लिए ई-रिक्शा खरीदी है। उन्होंने कहा कि अब लोकल कार्यक्रमों और आसपास के आयोजनों में शामिल होने के लिए वे ई-रिक्शा से जाएंगे।




