राजधानी में पेट्रोल संकट गहराया, कई पेट्रोल पंपों पर सप्लाई ठप, लोग परेशान

रायपुर। राजधानी में पेट्रोल की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल भरवाने पहुंचे लोग निराश होकर वापस लौट रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं।मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोल डिपो से समय पर सप्लाई नहीं पहुंचने के कारण शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वितरण प्रभावित हुआ है। सप्लाई बाधित होने से पेट्रोल पंप संचालकों के पास पर्याप्त स्टॉक नहीं बचा है। इसके चलते कई पंपों ने अस्थायी रूप से पेट्रोल देना बंद कर दिया है। हालांकि डीजल की उपलब्धता को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पेट्रोल की कमी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
इस संकट का सबसे ज्यादा असर रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। नौकरीपेशा लोग, छात्र, व्यापार से जुड़े लोग और अन्य वाहन चालक पेट्रोल के लिए एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आ रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक पैदा हुई इस स्थिति ने उनकी दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है।
जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध है, वहां बड़ी संख्या में वाहन चालकों की भीड़ उमड़ रही है। लंबी कतारों के कारण लोगों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगहों पर अव्यवस्था जैसी स्थिति भी देखने को मिल रही है।फिलहाल पेट्रोल सप्लाई बाधित होने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही सप्लाई सामान्य होगी और स्थिति में सुधार आएगा, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।




