
कैबिनेट मंत्री ने कहा- जिन्हें पार्टी की विचारधारा नहीं पता, उन्हें जिला अध्यक्ष कैसे बनाया गया?
रायपुर। सूबे के मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी मूल विचारधारा भूल चुकी है और अब जिला अध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा सिखाई जा रही है।
केदार कश्यप ने कहा, “जब जिला अध्यक्षों को ही कांग्रेस की विचारधारा नहीं पता, तो उन्हें जिला अध्यक्ष कैसे चुना गया? यह कांग्रेस में तुष्टीकरण और गुटबाजी का स्पष्ट संकेत है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संगठनात्मक रूप से भ्रम की स्थिति में है।
जयवर्धन सिंह का BJP पर साधा निशाना; NEET, NTA और NCERT को लेकर केंद्र सरकार को घेरा
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए NEET परीक्षा, NTA और NCERT को लेकर कई सवाल उठाए।
जयवर्धन सिंह ने कहा कि NEET घोटाले से पूरे देश के युवाओं में आक्रोश है और इसे लेकर राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत छात्रों की आवाज़ को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की जा रही है।
उन्होंने NCERT की पुस्तकों में आपातकाल से जुड़े अध्याय को लेकर भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा एक ऐसी बेशर्म पार्टी है, जो बच्चों की किताबों पर भी राजनीति कर रही है। यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
“पूर्व मंत्री ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में दो बार NEET से जुड़े घोटाले सामने आए। उन्होंने सवाल किया कि NTA का गठन होने के बावजूद उसे संसदीय जवाबदेही के दायरे में क्यों नहीं लाया गया।



