IND-W vs ZIM-W Series Raipur: हरमनप्रीत कौर की टीम इंडिया 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी, स्मृति मंधाना समेत स्टार खिलाड़ियों के आने से बढ़ेगा क्रिकेट का रोमांच

रायपुर। राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट के रोमांच का गवाह बनने जा रही है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी। टीम के आगमन को लेकर स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में होगा।
स्मृति मंधाना पर रहेंगी खास नजरें
रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण स्मृति मंधाना भी हो सकती हैं। बीसीसीआई द्वारा घोषित भारतीय टी-20 टीम में मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है और वह टीम की प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं।
हाल ही में एशियन गेम्स में भी मंधाना ने शानदार प्रदर्शन किया है। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में उन्होंने 79 रन की पारी खेली और भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी मुकाबले में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड भी बनाया।
स्टेडियम में चल रहा जरूरी सुधार कार्य
रायपुर के शहीद वीर नारायण अंतरास्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में BCCI के सहयोग से स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए जरूरी सुधार कार्य कराया जा रहा है। भारतीय टीम के 11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने के बाद अभ्यास सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

ऐसे में रायपुर में होने वाली इस सीरीज में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी, स्मृति मंधाना की बल्लेबाजी और टीम इंडिया की युवा-स्टार खिलाड़ियों को मैदान पर देखने का मौका क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास होने वाला है।
खेल मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रायपुर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम तीन अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच खेलेगी। अब लगातार रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले होने लगे हैं। यहां आईपीएल, वनडे, टी-20 और अब महिला टी-20 मुकाबलों का आयोजन होने जा रहा है। निश्चित रूप से यह छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में बेटियां क्रिकेट खेल रही हैं। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटरों को अपने ही घर और मैदान पर खेलते हुए देखना उनके लिए एक बड़ा एक्सपोजर और प्रेरणा होगा। इससे प्रदेश की युवा महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के संरक्षक बलदेव सिंह भाटिया ने कहा कि आगामी मैचों के लिए एक समिति गठित की गई है, जो स्टेडियम में आवश्यक सुधार कार्यों की निगरानी कर रही है। भाटिया ने कहा कि रायपुर में होने वाले मुकाबले रोमांचक होंगे और क्रिकेट प्रेमियों को शानदार क्रिकेट देखने को मिलेगा।




