
जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर पुलिस लाइन में आयोजित ‘जनादेश परब’ भाजपा के लिए शक्ति प्रदर्शन का मंच बना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने ‘जय सतनाम’ के उद्घोष के साथ विशाल आमसभा को संबोधित किया और विष्णुदेव साय सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने सरकार को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने विकास की दिशा में नई रफ्तार पकड़ी है।
नड्डा ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उस दौर में आतंक, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण हावी था। वादे किए गए लेकिन निभाए नहीं गए और नक्सलवाद के साथ समझौतावादी रवैया अपनाया गया। उन्होंने कहा कि जनता ने ऐसी सरकार को सत्ता से बाहर कर कमल का फूल खिलाया, और भाजपा को सेवा का अवसर दिया।भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए नड्डा ने कहा कि पार्टी ने जो कहा, वह किया और जो नहीं कहा था, वह भी करके दिखाया। उन्होंने बताया कि 5 लाख 62 हजार मजदूरों को आर्थिक सहायता दी गई है और 32 हजार सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। युवाओं को बिना सिफारिश, पूरी पारदर्शिता के साथ रोजगार मिलेगा।
कांग्रेस सरकार नक्सलियों से दोस्ती और समझौता करती थी
नक्सलवाद के मुद्दे पर नड्डा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस सरकार नक्सलियों से दोस्ती और समझौता करती थी, झीरम कांड में कांग्रेस नेताओं ने अपनों को मरवाया। जबकि भाजपा सरकार ने नक्सलियों से सीधे टकराव का रास्ता अपनाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा कर दिया जाएगा।
देश की बदलती तस्वीर पर बोलते हुए नड्डा ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है। सड़कों का विस्तार, 60 प्रतिशत की ग्रोथ, डिजिटल भुगतान का गांव-गांव तक पहुंचना और 92 प्रतिशत मोबाइल का भारत में निर्माण ये सब बढ़ते भारत की पहचान हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए नड्डा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में चार नए मेडिकल कॉलेज जोड़े जा रहे हैं, जिनमें जांजगीर भी शामिल है। दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज, और बिलासपुर व राजनांदगांव में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पहले ही शुरू हो चुके हैं। राज्य में मेडिकल सीटों की संख्या अब 2500 तक पहुंच चुकी है।नड्डा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान राहुल गांधी विदेशों में भाषण देते हैं और प्रधानमंत्री पर बयानबाजी करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसा विपक्ष क्या जनता का भरोसा जीत पाएगा? राम मंदिर और राष्ट्रीय सुरक्षा अभियानों पर सवाल उठाने को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि देश को नामदार नहीं, कामदार राजनीति चाहिए।
सीएम साय ने जनता का किया धन्यवाद
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता ने मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पांच साल के शासन में प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया था और आज वही अपराधी जेल में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद विकास तेज हुआ है और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ से पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो बड़े संकल्प लिए थे, 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास और छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का अंत। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इन दोनों लक्ष्यों पर तेजी से काम हो रहा है और 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य तय किया गया है।
जनादेश परब में भाजपा नेताओं के आक्रामक तेवर, विकास के आंकड़े और भविष्य के वादों ने साफ संकेत दिया कि पार्टी छत्तीसगढ़ में अपने दो साल के कार्यकाल को जनता के बीच मजबूती से पेश करने के मूड में है।



