छत्तीसगढ़

CG NEWS: शिक्षक दिवस पर 63 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, राज्यपाल पुरस्कार से किया गया सम्मान

शिक्षक नई पीढ़ी के निर्माता, विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शिक्षा की भूमिका सबसे अहम : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। वर्ष 2025-26 के लिए प्रदेश के 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि चार शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि AI के दौर में शिक्षकों और विद्यार्थियों को नई तकनीकों से परिचित होना जरूरी है, लेकिन तकनीक का विवेकपूर्ण, जिम्मेदार और मानवीय मूल्यों के अनुरूप उपयोग अधिक महत्वपूर्ण है। AI हमारा सहायक बने, नियंत्रक नहीं। उन्होंने कहा कि तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन संस्कार, संवेदना, अनुशासन और जीवन की सही दिशा शिक्षक ही दे सकते हैं।

राज्यपाल ने कहा कि बदलते समय में शिक्षक की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। शिक्षकों को विद्यार्थियों की रुचि और प्रतिभा पहचानकर उन्हें सही विषय और करियर चुनने में मार्गदर्शन देना चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षकों को अपने ज्ञान और कौशल को भी लगातार अपडेट करना होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और नई पीढ़ी के निर्माता हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री या नौकरी हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञानवान, संस्कारवान, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। उन्होंने कहा कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में अब एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। सरकार शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 341 विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना के तहत किया गया है। इसके अलावा स्वामी विवेकानंद के नाम पर 150 विद्यालय प्रारंभ किए जा रहे हैं। बस्तर में स्थानीय बोली के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा, पैरेंट्स-टीचर मीट को बढ़ावा देने तथा ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित करने जैसे प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शिक्षा और शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। आज शिक्षक जिन बच्चों को ज्ञान, संस्कार और कौशल दे रहे हैं, वही भविष्य में प्रदेश और देश के विकास का नेतृत्व करेंगे।

AI आधारित स्मार्ट स्कूलों पर जोर

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में AI आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2026-27 के राज्य शिक्षक सम्मान के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की घोषणा भी की।

चार शिक्षकों को स्मृति पुरस्कार:समारोह में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के राजेश कुमार प्रजापति, कोरबा के कामता प्रसाद जायसवाल, दुर्ग की प्रज्ञा सिंह और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की प्रियंका गोस्वामी को क्रमशः डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी, डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र, डॉ. मुकुटधर पाण्डेय और गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया।

समारोह में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search