Cg News: वन संरक्षण से लेकर परिवहन तक छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक उपलब्धियांदो वर्षों में हर विभाग ने स्थापित किया नया कीर्तिमान : केदार कश्यप

रायपुर। वन, सहकारिता एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि राज्य सरकार ने बीते दो वर्षों में वन संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, हरित आवरण विस्तार और परिवहन सुधार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सतत विकास के साथ-साथ वनवासियों की आजीविका सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि भारतीय वन सर्वेक्षण संस्थान की दिसंबर 2024 की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के वन एवं वृक्ष आवरण में लगभग 683 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। अत्यंत सघन वनों में 348 वर्ग किलोमीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिससे पारिस्थितिक संतुलन मजबूत हुआ है। वर्तमान में राज्य का लगभग 44 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
उन्होंने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत वर्ष 2024 में 4 करोड़ 20 लाख तथा वर्ष 2025 में 2 करोड़ 79 लाख पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया। किसान वृक्ष मित्र योजना के अंतर्गत दो वर्षों में 36,896 किसानों की 62,441 एकड़ भूमि पर 3 करोड़ 67 लाख पौधे लगाए गए हैं।
वन्यजीव संरक्षण की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 में राज्य में 17 बाघ थे, जो अब बढ़कर 35 हो गए हैं। मानव-हाथी द्वंद्व को रोकने के लिए ‘गज संकेत’ ऐप शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से हाथियों की गतिविधियों की जानकारी SMS द्वारा ग्रामीणों को दी जा रही है। इसके लिए 90 हाथी मित्र दल गठित किए गए हैं।
परिवहन क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना 2025 के तहत 69 मार्गों पर 69 बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे 450 नए गांवों को पहली बार बस सुविधा मिली है। आने वाले समय में इसके तहत 200 बसें चलाने की योजना है।



