
1 नवंबर को दिल्ली में SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के मुद्दे पर कांग्रेस की महारैली
रायपुर। दिल्ली में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से स्पेशल ट्रेन नहीं मिलने पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि पहले स्पेशल ट्रेन की सहमति दी गई, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने इसे महारैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के रास्ते में बाधा डालने की कोशिश बताते हुए कहा, “कांग्रेस की महारैली से घबराई मोदी सरकार। पहले स्पेशल ट्रेन की सहमति दी, फिर रद्द किया।”
पार्टी ने आगे आरोप लगाया कि ट्रेन के जरिए रास्ता रोकने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस ने अपने पोस्ट में कहा, “ट्रेन रोकोगे, जनसैलाब कैसे रोकोगे।”
कांग्रेस की यह महारैली SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को हटाने के मुद्दे पर आयोजित की जा रही है।
हालांकि, स्पेशल ट्रेन की सहमति और उसे रद्द किए जाने को लेकर रेलवे का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।




