
रायपुर- नववर्ष 2026 के पहले ही दिन छत्तीसगढ़ को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत राज्य के चार प्रमुख सड़क खंडों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और उन्नयन के लिए ₹664.67 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं से पांच जिलों में कुल 173.70 किलोमीटर सड़कों का विकास किया जाएगा।स्वीकृति आदेश भारत सरकार द्वारा राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग को प्रेषित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
इन सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए केंद्र सरकार ने निम्नलिखित परियोजनाओं को स्वीकृति दी है
मुंगेली जिला:कोटा–लोरमी–पंडरिया मार्ग के 21 किमी हिस्से में फोरलेन निर्माण व मजबूतीकरण हेतु ₹156.33 करोड़
कांकेर जिला:कांकेर–भानुप्रतापपुर–संबलपुर मार्ग के 48.4 किमी हिस्से में टू-लेन सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण हेतु ₹130.63 करोड़
सुकमा–दंतेवाड़ा:सुकमा से दंतेवाड़ा मार्ग के 68 किमी हिस्से में टू-लेन सड़क उन्नयन हेतु ₹230.85 करोड़
गरियाबंद जिला:राजिम–फिंगेश्वर–महासमुंद मार्ग के 35.5 किमी हिस्से में सड़क मजबूतीकरण व उन्नयन हेतु ₹146.86 करोड़
दूरवर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इन परियोजनाओं से मुंगेली, कांकेर, सुकमा, दंतेवाड़ा और गरियाबंद जैसे दूरवर्ती एवं नक्सल प्रभावित जिलों में सड़क कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी। इससे परिवहन सुगम होगा, आपातकालीन सेवाओं की पहुँच बेहतर बनेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा, साथ ही पर्यटन, औद्योगिक गतिविधियों और निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे।
डबल इंजन सरकार से अधोसंरचना को नई रफ्तार मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को लगातार अधोसंरचना विकास में नई सौगातें मिल रही हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के विशेष प्रयासों से राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों का तेज़ी से विस्तार हो रहा है। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ आज विकास के पथ पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
8092 करोड़ की सड़क परियोजनाएं स्वीकृत: अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बताया कि राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले दो वर्षों में लोक निर्माण विभाग द्वारा ₹8092 करोड़ की नई सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। विभाग सभी कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।




