छत्तीसगढ़

Silver Jubilee Medal: छत्तीसगढ़ पुलिस रजत जयंती पदक का विधिवत अनावरण, CM साय बोले पुलिस के अदम्य साहस की अमिट पहचान बनेगा रजत जयंती पदक

रायपुर। प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में छत्तीसगढ़ पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को सम्मानित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस रजत जयंती पदक का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पदक पुलिस बल के त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता की अमिट पहचान बनेगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री साय ने 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की थी, जिस पर त्वरित अमल करते हुए आज इस पदक का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के साथ-साथ नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय दिया है और कई जवानों ने सर्वोच्च बलिदान भी दिया है। यह पदक उनके समर्पण और सेवा को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पदक छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा को आत्मसात करता है। गोल आकार और चांदी के रंग का यह पदक अग्र भाग में साल वृक्ष और पृष्ठ भाग में पहाड़ी मैना के उभरे हुए चित्र से सुशोभित है, जिसे रिबन के साथ धारण किया जाएगा। वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर इसे अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, वीरता पदक, राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक और राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक के पश्चात वरीयता क्रम में लगाया जाएगा।

पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता और टीम भावना का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, संरक्षण और मौन रहकर भी प्रभावशाली योगदान का संदेश देता है। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की भांति यह पदक भी पुलिस बल के सेवा भाव और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मानित करेगा।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक पवन देव, एडीजी एसआरपी कल्लूरी, प्रदीप गुप्ता, विवेकानंद सिन्हा, दीपांशु काबरा, अमित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button