सिंगापुर के उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता, लीडरशिप डिनर में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

SINGForum 2026 में विदेश मंत्रालय के नामांकन पर शामिल हो रहा छत्तीसगढ़, भारतीय राज्यों और सिंगापुर के व्यापारिक समुदाय के बीच निवेश और औद्योगिक सहयोग पर हुई चर्चा
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा प्रथम SINGForum 2026 की पूर्व संध्या पर आयोजित लीडरशिप डिनर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर छत्तीसगढ़ इस अंतरराष्ट्रीय फोरम में भाग ले रहा है।
इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में SBF के सदस्यों के साथ मास्टरकार्ड, टीसीएस, नेस्ले और IHCL के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की उपस्थिति रही।
लीडरशिप डिनर भारतीय राज्यों और सिंगापुर के व्यापारिक समुदाय के बीच संवाद, निवेश संभावनाओं और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच बना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ को एक उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने और राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और विकास के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक समुदाय के समक्ष रखते हुए राज्य और सिंगापुर के बीच आर्थिक एवं औद्योगिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने की दिशा में पहल की।




